सिवनी – नगर में सेन समाज द्वारा संत शिरोमणि सेन महाराज की 726वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें समाज के युवा, महिलाएं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल तक पहुंची। नेहरू रोड पर श्रीवास परिवार द्वारा रैली का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, वहीं दुर्गा चौक में सेन परिवार द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
मुख्य कार्यक्रम कृष्णम गार्डन में आयोजित हुआ, जहां समाज के वरिष्ठजनों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती डॉली डागौर, जिला वनोपज संघ अध्यक्ष घनश्याम सराठे, मुकेश सेन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में संत सेन महाराज के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम संयोजक एवं नगर अध्यक्ष हेमेंद्र नाथ श्रीवास (बॉबी) ने समाज के लोगों से शिक्षित और संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और युवाओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहिए।
पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। समाज की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बना दिया।


