शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय जबलपुर के हिंदी विभाग में विदाई समारोह संपन्न
जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय के हिंदी विभाग में एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की रूपरेखा एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई थी। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन, माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ हुई।
प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने दिया सफलता का मंत्र
संस्थान के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने इस मौके पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन और कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने निरंतर अध्ययन की प्रवृत्ति को अपनाते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सभी को प्रेरित किया। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण शुक्ल ने अपने उद्बोधन में सकारात्मक सोच को सफलता की मुख्य कुंजी बताया और सभी विद्यार्थियों के आगामी जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ विजेताओं का चयन
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का आगाज स्वागत भाषण से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, कविता पाठ और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के विशेष आकर्षण के रूप में मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. तृप्ति उकास, श्रीमती लल्लाबाई लोधी, डॉ. महेन्द्र कुशवाहा, डॉ. तरुणेन्द्र साकेत और शोधार्थी श्री हरीश झारिया ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में डॉ. विभा निगम और डॉ. संघप्रिया तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। समारोह का कुशल संचालन नीलेश चौधरी और संजय कश्यप ने किया। कार्यक्रम के दौरान सृष्टि गर्ग, प्रशांत जायसवाल, सौरभ अहिरवाल, वर्षा नागवंशी, अमन चौधरी, राहुल विश्वकर्मा, तृप्ति चतुर्वेदी, सुदर्शन प्रजापति, दिनेश अहिरवार, अमृता सिंह और सोनम सहित एम.ए. हिंदी के अनेक विद्यार्थी मौजूद रहे।


