22.5 C
Jabalpur
October 25, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान नर्मदा में कूदा युवक, डूबने से मौत, खिरैनी घाट पर परिजनों का हंगामा

जबलपुर जिले के बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरैनी रेत घाट पर सोमवार दोपहर अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तभी अफरा-तफरी के बीच एक युवक नदी में कूद गया। बाद में उसकी मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 4 से 5 लोग मौके से भाग निकले।

मृतक की पहचान ग्राम जमतरा निवासी 25 वर्षीय मानक वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा खनिज विभाग की टीम को घेरकर विरोध जताया। हालात को देखते हुए बरेला के साथ रांझी, गोराबाजार और खमरिया थाना क्षेत्रों से भी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

ग्रामीणों का विरोध, टीम की गाड़ियों को घेरा
युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए। इस दौरान कुछ लोगों ने टीम की गाड़ियों की हवा निकाल दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने लाठीचार्ज के आरोप भी लगाए, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मानक वर्मा को एसडीएम और माइनिंग टीम ने घेर लिया था। उनका कहना है कि टीम के दबाव और डर के कारण उसने नदी में छलांग लगा दी। परिजनों का कहना है कि यदि टीम युवक को दौड़ाने के बजाय केवल वाहन जब्त करती, तो उसकी जान बच सकती थी।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि बड़े स्तर पर अवैध खनन करने वालों को प्रशासनिक संरक्षण मिलता है, जबकि छोटे स्तर पर रेत निकालने वालों के खिलाफ बार-बार सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने पुलिस और खनिज विभाग पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद खिरैनी घाट क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

अन्य ख़बरें

पापोरी हर्ष की ‘द जुगनी स्टोरी’ ने गुरुग्राम की शाम को संगीत और यादों के जश्न में बदला

Newsdesk

आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण के दौरान विस्फोट, चालक समेत पांच लोगों की मौत

Newsdesk

जेडीयू ने अनंत सिंह और नीलम देवी को 6 साल के लिए किया निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading