जबलपुर। बरगी बांध में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर दोनों अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि क्रूज में क्षमता से अधिक करीब 40 लोग सवार थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। अब तक अनेक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 11 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव दल ने अभी तक 4 शव बरामद कर लिए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों, होमगार्ड और विशेष बचाव दलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल, चिकित्सा दल और एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। घायल लोगों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं, इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के भी बरगी डैम पहुंचने की सूचना मिल रही है। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासनिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
इसके साथ ही एसएससी (SSC) स्तर के अधिकारियों को भी इस पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है और उन्हें मुख्य रिपोर्ट में शामिल करते हुए विस्तृत जानकारी साझा की जा रही है, ताकि उच्च स्तर पर निगरानी बनी रहे और आवश्यक निर्देश तुरंत जारी किए जा सकें।
प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों को लेकर ओवरलोडिंग और तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और स्पष्ट किया है कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता पर है। पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के प्रयास लगातार जारी हैं।


