मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार शाम बरगी डैम के जलाशय में बड़ा हादसा हो गया। खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरी एक बोट अचानक आए तेज तूफान और ऊंची लहरों की चपेट में आकर पलट गई। हादसे में अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोट में 30 से अधिक पर्यटक सवार थे। मौसम अचानक बिगड़ने के बाद तेज हवाओं और जलाशय में उठीं लहरों के कारण बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग पानी में गिर गए, जबकि कुछ ने तैरकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। एसडीआरएफ की टीम को भी तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर रवाना किया गया। स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल की मदद से अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
बरगी जोन के सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि अब तक 4 शव जलाशय से निकाले जा चुके हैं। लापता लोगों की संख्या को लेकर प्रशासन यात्री सूची, प्रत्यक्षदर्शियों और बचाए गए लोगों से मिली जानकारी का मिलान कर रहा है। फिलहाल लगभग 18 लोगों के लापता होने की बात सामने आ रही है।
खमरिया टापू बरगी जलाशय का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक बोटिंग और क्रूज का आनंद लेने पहुंचते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं ने बोट को संभलने का मौका नहीं दिया। कुछ ही देर में बोट लहरों के बीच असंतुलित होकर पलट गई।
रेस्क्यू टीमों द्वारा डूबी हुई बोट और उसके आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। जलाशय का बड़ा विस्तार, गहराई और अंधेरा बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
यह खबर प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से नई जानकारी मिलने पर स्थिति को अपडेट किया जाएगा।


