मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरगी बांध में हुई क्रूज़ दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रूज पर सवार पर्यटकों की जान बचाने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात बरगी बांध के घटना स्थल में चल रहे राहत और बचाव कार्य के अवलोकन के दौरान कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत और बचाव कार्य के निरीक्षण के दौरान कहा कि हादसे से बचाव अभियान में जल जीवन मिशन के आठ से अधिक कर्मियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के कुशल गोताखोरों ने मिलकर कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम में सक्रियता से कार्य किया। उन्होंने कहा कि सचिव होमगार्ड नागरिक सुरक्षा और संभागायुक्त जबलपुर द्वारा घटना की सूक्ष्मता से तीन बिंदुओ पर जांच की जायेगी, जिसमें दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना, तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना और क्रूज संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियम व खामियों की जांच करना शामिल है। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक एसओपी तैयार की जा सके।
इन बिंदुओं पर होगी उच्च स्तरीय जांच –
• दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना
• तत्कालीन परिस्थितियों का विश्लेषण करना
• क्रूज़ संचालन से जुड़ी सभी प्रासंगिक नियमों व खामियों की जांच करना


