जबलपुर। बीएसएनएल कार्यालय, जबलपुर में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसएनएल के 45 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ शिक्षक ऋतु राज असाटी ने किया। उन्होंने वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते तनाव के कारणों तथा उसके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि यदि तनाव लंबे समय तक बना रहे तो वह विकार का रूप ले लेता है और आगे चलकर रोग में परिवर्तित हो सकता है। उन्होंने बताया कि मन का भूत और भविष्य के बीच भटकते रहना, नकारात्मक बातों को पकड़कर रखना तथा परिस्थितियों के अनुसार अत्यधिक उत्साहित या निराश हो जाना तनाव के प्रमुख कारण हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राणायाम, सुदर्शन क्रिया एवं ध्यान की जानकारी दी गई। ऋतु राज असाटी ने बताया कि इन तकनीकों के नियमित अभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवन में शांति, ऊर्जा और सकारात्मकता बढ़ती है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गहन ध्यान सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने गहरे मानसिक विश्राम और शांति का अनुभव किया।
इस अवसर पर बीएसएनएल जबलपुर के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार दोहरे एवं उप-महाप्रबंधक अजय खरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। महाप्रबंधक प्रशांत कुमार दोहरे ने कहा कि आज की तेज़ रफ्तार कार्यशैली में मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल अत्यंत आवश्यक है और ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों को सकारात्मक ऊर्जा एवं बेहतर कार्यक्षमता प्रदान करते हैं।
उप-महाप्रबंधक अजय खरे ने अपने वक्तव्य में कहा कि तनावमुक्त एवं संतुलित मन ही स्वस्थ कार्यसंस्कृति का आधार है तथा आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा दिए गए व्यावहारिक उपाय कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम के संचालन में आर्ट ऑफ लिविंग स्वयंसेवक गौरी कनक का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने आगामी आर्ट ऑफ लिविंग सत्रों में सुदर्शन क्रिया सीखने का संकल्प लिया। समाज में तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।


