**
*इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और जबलपुर अस्पताल संघ के संयुक्त तत्वाधान में शहर के 26 अस्पतालों में आयोजित हुआ शिविर*
*स्वच्छता फीडबैक देने वाले 5 हजार से अधिक लोगों का हुआ फ्री में हेल्थ चेकअप*
*वरिष्ठ चिकित्सक डाॅं. जितेन्द्र जामदार, डाॅं. अमरेन्द्र पाण्डेय, डाॅं. जतिन धीरावानी के साथ सैंकड़ों चिकित्सकगणों ने शिविर में भाग लेकर अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों का कराया स्वास्थ्य परीक्षण*
*कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त आर.पी. अहिरवार ने शहर के सभी सम्माननीय चिकित्सकगणों के द्वारा दिये साकारात्मक सहयोग प्रति हृदय से जताया आभार*
जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत संस्कारधानी में आज सेवा और स्वच्छता का एक अनूठा संगम देखने को मिला। शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रमुख अस्पतालों ने स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और जबलपुर अस्पताल संघ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस विशेष शिविर में स्वच्छता फीडबैक देने वाले 5 हजार से अधिक नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
*चिकित्सकों का स्वच्छता महादान*
रविवार को शहर के 26 प्रमुख अस्पतालों में सुबह 11ः00 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक चले इस अभियान में वरिष्ठ चिकित्सों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जितेन्द्र जामदार, डॉ. अमरेन्द्र पाण्डेय (अध्यक्ष, आई.एम.ए.) और डॉ. जतिन धीरावानी (सचिव) के साथ सैकड़ों डॉक्टरों ने मरीजों के परिजनों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य परामर्श दिया।
*फीडबैक ही पंजीयन शुल्क*
इस शिविर की सबसे खास बात यह रही कि स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए नागरिकों को केवल स्वच्छता सर्वेक्षण क्लीनलीनेस फीडबैक भरना अनिवार्य था। नागरिकों ने मोबाइल के माध्यम से शहर की स्वच्छता पर अपना फीडबैक दिया, जिसके तुरंत बाद उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, वाइटल्स जांच और ब्लड शुगर टेस्ट, आवश्यकतानुसार ईसीजी, रेडियोलॉजी जांचें सेवाएँ मुफ्त प्रदान की गई।
*प्रशासन ने जताया आभार*
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त आर.पी. अहिरवार ने चिकित्सकों के इस सकारात्मक कदम की सराहना की है। अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य और स्वच्छता जागरूकता को जोड़ने का यह प्रयास स्वच्छ भारत अभियान में मील का पत्थर साबित होगा। शहर के प्रतिष्ठित अस्पतालों जैसे पांडे हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, जबलपुर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अनंत हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, एच.के.टी. रजा साहब मेमोरियल हॉस्पिटल, त्रिवेणी हॉस्पिटल, जामदार हॉस्पिटल, नाइक मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, टी.एन. शुक्ला आई हॉस्पिटल, रांझी, सप्तऋषि हॉस्पिटल, विधान मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, जीवंता हॉस्पिटल, गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल, इंफिनिटी हार्ट इंस्टीट्यूट, संजीवन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, गैलेक्सी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, हुसैन आई केयर सेंटर, पी.जी. मल्टीस्पेशियलिटी (मुखर्जी) हॉस्पिटल, लाइफ मेडिसिटी हॉस्पिटल, विमल नर्सिंग होम, जे.के. हॉस्पिटल, आदिशंकर हॉस्पिटल, मार्बल सिटी हॉस्पिटल, हर्षे हॉस्पिटल, बेस्ट सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सर्वोदय हॉस्पिटल, जनज्योति सुपरस्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल, दादा वीरेंद्रपुरी जी आई इंस्टीट्यूट, जोतपुर तिलवारा घाट, जबलपुर सभी 26 केंद्रों पर नागरिकों की भारी उपस्थिति देखी गई।


