23.1 C
Jabalpur
September 11, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिकवीडियो

होटल विवाद के बाद अधिवक्ता के घर पर बमबाजी, सफेद एक्सिस से आए बदमाश CCTV में कैद

जबलपुर में देर रात बमबाजी की एक और वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रांझी थाना क्षेत्र की अंजनी कॉलोनी रिछाई में सफेद एक्सिस वाहन से आए चार बदमाशों ने एक अधिवक्ता के घर के सामने बम फेंककर दहशत फैला दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन धमाकों के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजकर 50 मिनट की बताई जा रही है। चार बदमाश सफेद एक्सिस से पहुंचे और एक के बाद एक कई बम फेंककर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों का निशाना होटल कर्मचारी मट्टू समद का घर था, लेकिन बम बगल में रहने वाले अधिवक्ता संतोष भारती के घर के सामने जा गिरे। तेज धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, तो सड़क पर धुआं फैला हुआ था और बारूद की गंध आ रही थी।

इस पूरी घटना की शुरुआत सिविल लाइन स्थित स्टार होटल में हुए विवाद से मानी जा रही है। गुरुवार शाम रांझी निवासी समर सोनकर, अरमान चौहान और एक अन्य युवक होटल पहुंचे थे, जहां उन्होंने कमरा लिया। होटल मैनेजर रितु श्रीवास द्वारा पहचान संबंधी दस्तावेज लेने के बाद उन्हें कमरा दिया गया। आरोप है कि कमरे में तीनों युवक नशे की हालत में तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। जब होटल कर्मचारी ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा, तो उसके साथ बेल्ट से मारपीट की गई।

होटल में हंगामा बढ़ता देख अन्य कर्मचारी और कमरे में रुके ग्राहक भी बाहर आ गए। इस दौरान होटल कर्मचारी मट्टू समद ने युवकों को मना किया और उन्हें कमरे से बाहर निकाल दिया। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने जाते-जाते मट्टू को जान से मारने की धमकी दी और मौके से चले गए। होटल मैनेजर और कर्मचारियों ने इस विवाद की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई।

रात में जब होटल कर्मचारी मट्टू समद रिछाई स्थित अंजनी कॉलोनी अपने घर पहुंचा, तो बताया जा रहा है कि होटल विवाद में शामिल युवक उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए। देर रात सफेद एक्सिस वाहन से आए बदमाशों ने मट्टू के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंके, लेकिन बम पास में रहने वाले अधिवक्ता संतोष भारती के घर के सामने फट गए।

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी सतीश साहू और टीआई उमेश गोल्हानी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में बम फेंकने वाले आरोपियों की पहचान रांझी बापू नगर निवासी समर, हर्ष, अरमान और एक अन्य युवक के रूप में होना बताया जा रहा है।

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही बमबाजी की घटनाओं ने शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और पुलिस कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई है।

अन्य ख़बरें

पोलियो को मात देकर हुनर को बनाया सहारा

Newsdesk

कलानिकेतन पॉलिटेक्निक की अनियमितताओं के खिलाफ अभाविप का प्रदर्शन

Newsdesk

कान्हा की छठी पर अन्नपूर्णा मंदिर में भक्ति की बही धारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading