31.2 C
Jabalpur
June 18, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पेप्सी शर्मा का निधन पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लोक संस्कृति को बड़ा झटका

अमरोहा, 08 जून पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा की लोकसंगीत परंपरा की एक सशक्त आवाज़ हमेशा के लिए खामोश हो गई। अमरोहा जिले के पतला गांव निवासी और रागनी जगत के लोकप्रिय कलाकार पेप्सी शर्मा के आकस्मिक निधन से लोकसंगीत प्रेमियों, कलाकारों और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को क्षेत्रीय लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
पेप्सी शर्मा ने वर्षों तक अपनी दमदार गायकी और विशिष्ट प्रस्तुति शैली के माध्यम से गांवों की चौपालों, मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में लोकजीवन की भावनाओं को स्वर दिया। उनकी रागनियां ग्रामीण समाज की संवेदनाओं, किसानों के संघर्ष, पारिवारिक मूल्यों और लोकजीवन की सादगी का जीवंत चित्र प्रस्तुत करती थीं।रागनी जगत में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिग बॉस फेम लोक कलाकार सपना चौधरी के साथ उनके दो-चश्मी रागनी मुकाबलों को देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़ते थे। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहती थीं।
पश्चिम उत्तर प्रदेश ग्रामीण रागिनी आयोजक संस्था ने दिवंगत कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रागनी गायक सुभाष खटाना ने कहा कि पेप्सी शर्मा की गायकी में केवल सुर और ताल ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की मिट्टी की सोंधी महक, गांव का दर्द, किसानों का संघर्ष और रिश्तों की आत्मीयता भी सुनाई देती थी। उन्होंने कहा कि पेप्सी शर्मा केवल एक गायक नहीं, बल्कि लोक संस्कृति के सच्चे संवाहक थे।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कलाकारों और आयोजकों ने कहा कि कलाकार कभी वास्तव में विदा नहीं होते, उनकी कला पीढ़ियों तक जीवित रहती है। हरियाणवी लोक परंपरा की प्रसिद्ध पंक्ति—”नाम रहैगा नेक कमाई का, तन तो मिट्टी हो जावेगा”—पेप्सी शर्मा के जीवन और योगदान पर पूरी तरह चरितार्थ होती है।रागनी मंचों से उनकी भौतिक उपस्थिति भले समाप्त हो गई हो, लेकिन उनकी बुलंद आवाज़, विशिष्ट गायन शैली और लोकसंस्कृति के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उनके निधन से लोकसंगीत जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

अन्य ख़बरें

बिजली मुख्यालय के पास 24 घंटे स्ट्रीट लाइट रोशन, निगम कर रहा बिजली की बर्बादी

Newsdesk

20 जून को जबलपुर आएंगे उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार राष्ट्रपति व योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

Newsdesk

भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से 877 हितग्राही हुए सीधे लाभान्वित

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading