35.5 C
Jabalpur
May 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

माढ़ोताल की प्रोफेसर कॉलोनी में देर रात शराबियों का तांडव, रहवासियों में दहशत

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब देर रात शराब के नशे में धुत युवकों के एक समूह ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार से पांच वाहनों में सवार होकर पहुंचे असामाजिक तत्वों ने कॉलोनी में गाली-गलौज करते हुए हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते कई घरों एवं बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया।
रहवासियों ने बताया कि उपद्रवियों ने घरों के बाहर खड़ी कारों के कांच फोड़ दिए और कई वाहनों पर पत्थर बरसाए। एक स्विफ्ट कार का कांच तोड़कर उसमें पत्थर फेंक दिया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कॉलोनी में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों के भीतर दुबकने को मजबूर हो गए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरी रात भय के माहौल में बिताई।
स्थानीय निवासी हिमांशु पटेल ने बताया कि वे पिछले करीब छह वर्षों से प्रोफेसर कॉलोनी में रह रहे हैं, लेकिन इससे पहले कभी इस प्रकार की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि देर रात पहुंचे युवकों ने जिस तरह से आतंक मचाया, उससे पूरा क्षेत्र सहम गया है। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है।
घटना से परेशान कई परिवार माढ़ोताल थाना पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा की मांग की। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू करवाई। दीक्षित मेडिकोज सहित आसपास के प्रतिष्ठानों से फुटेज जुटाकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया है कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। घटना के बाद से कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

अन्य ख़बरें

शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने नगर निगम की कार्यवाही

Newsdesk

नई श्रम संहिता से श्रमिकों और असंगठित मजदूरों का भविष्य असुरक्षित : डॉ. संजीवा रेड्डी

Newsdesk

अगले दो दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading