35.5 C
Jabalpur
May 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

रामसागर तालाब में डूबे दूसरे युवक इरावत का शव भी बरामद
आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल

जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र स्थित रामसागर तालाब में हुए दर्दनाक हादसे में डूबे दूसरे युवक इरावत का शव भी बुधवार सुबह गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव उसी स्थान के आसपास मिला, जहां युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही थी। सुबह पानी में शव तैरता दिखाई देने पर गोताखोरों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम झुग्गी बस्ती में रहने वाले तीन युवक — इरावत, अर्जुन और करण — रामसागर तालाब में नहाने के लिए पहुंचे थे। काफी देर तक नहाने के दौरान अचानक इरावत का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथ मौजूद 21 वर्षीय अर्जुन अपने दोस्त को बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया और दोनों युवक तालाब में डूब गए।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश अभियान चलाया गया। मंगलवार को अर्जुन का शव तालाब के बीच झाड़ियों में फंसा मिला था, जबकि इरावत की तलाश लगातार जारी थी। आखिरकार बुधवार सुबह गोताखोरों को सफलता मिली और इरावत का शव भी तालाब से बाहर निकाल लिया गया।
दो युवकों की एक साथ मौत से क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

अन्य ख़बरें

शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने नगर निगम की कार्यवाही

Newsdesk

नई श्रम संहिता से श्रमिकों और असंगठित मजदूरों का भविष्य असुरक्षित : डॉ. संजीवा रेड्डी

Newsdesk

अगले दो दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading