39.6 C
Jabalpur
June 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

अगले दो दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि आने वाले दो दिनों में शहर का तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बुधवार सुबह सूर्योदय के कुछ ही समय बाद तेज तपिश महसूस होने लगी थी। सुबह 11:30 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर से पहले ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय सन्नाटा जैसा माहौल दिखाई दिया। लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलते नजर आए।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय हवाओं की दिशा और वातावरण में नमी की कमी के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही। मौसम विभाग का कहना है कि यदि मौसम प्रणाली में बदलाव नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार बुधवार सूर्य के मेष राशि में रहने का अंतिम दिन है और गुरुवार से सूर्य वृष राशि में प्रवेश करेंगे। मान्यता है कि वृष राशि में सूर्य का प्रभाव अधिक तीव्र होता है, जिससे पृथ्वी पर गर्मी का असर बढ़ जाता है। इसी कारण इस अवधि को वर्ष का सबसे गर्म समय माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 11:30 बजे से शाम करीब 5 बजे तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। लगातार कई घंटों तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने के कारण लू लगने और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। चिकित्सकों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप में अधिक समय बिताने से शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को ढंककर रखने की सलाह दी गई है।
गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
घर से बाहर जाते समय सिर और कान को कपड़े या टोपी से ढंकें
पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें
बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप से दूर रखें
खाली पेट घर से बाहर न निकलें
अधिक देर धूप में रहने पर तुरंत छांव में आराम करें
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और गर्मी के इस दौर में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल मौसम विभाग ने राहत की कोई संभावना नहीं जताई है।

अन्य ख़बरें

होटल विवाद के बाद अधिवक्ता के घर पर बमबाजी, सफेद एक्सिस से आए बदमाश CCTV में कैद

Newsdesk

भोपाल: 17 वर्षीय किशोरी से 30 वर्षीय मंगेतर ने किया दुष्कर्म, POCSO और BNS के तहत केस दर्ज

Newsdesk

जून की शुरुआत में मध्य प्रदेश में 24 फीसदी अधिक बारिश, कई जिलों में आंधी-तूफान की संभावना

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading