जबलपुर। ईद-उल-जुहा पर्व को शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
26 मई 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध के नेतृत्व में थाना ओमती, बेलबाग, सिविल लाइन, कोतवाली, लार्डगंज, मदनमहल, गोहलपुर, अधारताल, हनुमानताल एवं घमापुर थाना क्षेत्रों के पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर , नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली , नगर पुलिस अधीक्षक ओमती एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल सहित संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल की उपस्थिति रही।
फ्लैग मार्च कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर ओमती चौक, विक्टोरिया, तुलाराम चौक, भार्गव चौक, कमानिया गेट, सराफा चौक, मिलौनीगंज, मछली मार्केट, गोहलपुर, रद्दी चौकी, अधारताल तिराहा, आनंद नगर, रजा चौक, कसाई मंडी, सिंधी कैंप, घमापुर चौक, बड़ी ओमती एवं घंटाघर सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर पुनः कंट्रोल रूम पहुंचकर समाप्त हुआ।
पुलिस अधीक्षक ने संस्कारधानीवासियों को ईद-उल-जुहा पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जबलपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक या अनैतिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


