June 13, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पैसों के विवाद में युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण, बेरहमी से मारपीट के बाद मारी गोली

कटंगी में सनसनीखेज वारदात, घायल युवक की हालत गंभीर
जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर एक युवक के अपहरण और गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने युवक को पहले फिल्मी अंदाज में अगवा किया, फिर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की और बाद में गोली मारकर उसे मरा समझकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घात लगाकर बैठे थे आरोपी
जानकारी के अनुसार उड़ना गांव निवासी 26 वर्षीय राजा सिंह लोधी का राजघाट पौड़ी निवासी सोनू नामक युवक से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। घायल युवक के पिता सूरज सिंह लोधी ने पुलिस को बताया कि आरोपी सोनू पिछले दो दिनों से लगातार घर आकर राजा को जान से मारने की धमकी दे रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पैसों के निपटारे के बहाने राजा सिंह को गांव के बाहर बुलाया। जैसे ही राजा वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे सोनू और उसके 5-6 हथियारबंद साथियों ने उसे घेर लिया और जबरन वाहन में डालकर राजघाट पौड़ी की ओर ले गए।
बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई
परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने सुनसान इलाके में राजा सिंह को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। युवक के अधमरा होने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और मुख्य आरोपी ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर कटंगी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को पहले कटंगी शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर रेफर कर दिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कटंगी थाना प्रभारी श्रीमती पूजा उपाध्याय ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद की बात सामने आई है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर मुख्य आरोपी सोनू और उसके 5-6 साथियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी हैं और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

अन्य ख़बरें

भोपाल: 17 वर्षीय किशोरी से 30 वर्षीय मंगेतर ने किया दुष्कर्म, POCSO और BNS के तहत केस दर्ज

Newsdesk

जून की शुरुआत में मध्य प्रदेश में 24 फीसदी अधिक बारिश, कई जिलों में आंधी-तूफान की संभावना

Newsdesk

सूरज की रोशनी से चमका राजनांदगांव

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading