गोपालबाग तालाब में निगमायुक्त ने फावड़ा-तसला उठाकर किया श्रमदान,
अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी संभाली सफाई की कमान
जबलपुर। नगर निगम द्वारा रविवार से गोपालबाग तालाब में विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वयं तालाब पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और फावड़ा-तसला उठाकर श्रमदान किया। निगमायुक्त को सफाई कार्य में सक्रिय रूप से भाग लेते देख नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह भी दोगुना हो गया।
करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, इंजीनियरिंग विंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और सफाई मित्रों ने कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया। अभियान के दौरान तालाब के घाटों और आसपास के क्षेत्र से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा, सूखी गंदगी तथा जलीय खरपतवार हटाई गई।
इस अवसर पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि जल स्रोत शहर की जीवनरेखा हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के तालाबों और जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
निगमायुक्त ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि तालाबों में कचरा, प्लास्टिक और पूजा सामग्री न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। नगर निगम के इस सामूहिक सफाई अभियान की स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


