बालाघाट/लालबर्रा। जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार ने लालबर्रा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का तूफानी दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उनके साथ तहसीलदार, सिंचाई, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।दौरे के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले ग्राम पंचायत बल्लारपुर में ग्रामीणों ने तालाब के किनारे हो रहे अतिक्रमण और तालाब की खराब होती पाल की गंभीर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया और पाल की मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस पर सम्राट सिंह सरसवार ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम पंचायत रामपुरी में पंचायत भवन के समीप टूटी हुई नाली तथा गांव की मुख्य सड़क पर रिटर्निंग वॉल निर्माण की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में यह मार्ग पूरी तरह बाधित हो सकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत बहिया टीकुर में श्मशान घाट के लिए हैंडपंप और हाईमास्ट लाइट की मांग रखी गई। वहीं नेवरगांवला में सरपंच एवं ग्रामीणों ने सड़क, नाली एवं अन्य विकास कार्यों की समस्याओं से अवगत कराया। बहेगांव में तालाब के दोनों गेट खराब होने की शिकायत सामने आई, जिस पर सम्राट सिंह सरसवार ने मौके से ही विभागीय अधिकारियों को मोबाइल पर निर्देश देकर शीघ्र मरम्मत कराने को कहा।
दौरे के दौरान कई गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली के खंभों, पेयजल व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी विभागों के अधिकारियों को जनता के बीच खड़े होकर जवाबदेही निभाने और समयसीमा में समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष की इस कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने अधिकारियों को साथ लेकर गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाए।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव जुगल शर्मा, लालबर्रा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीराम भोयर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भाऊरामगढ़ेश्वर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र dhande वरिष्ठ कांग्रेसी, मनीष कुशवाहा, ईश्वर राहंगदले, मुनेंद्र ठाकरे, अमीरुद्दीन हंपी भोजलाल पतले किसान कांग्रेस अध्यक्ष चीज गांव सरपंच गोविंद पटेल मंडल अध्यक्ष देवराम ठाकरेले जाम पूर्व सरपंच बलेश राहंग डार्ल सुरेंद्रनगर गणपत तरवारे पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। साथ ही बल्लारपुर सरपंच सेवन कटेकर, बहिया टीकर सरपंच श्रीमती पुष्पा ठाकरे, नेवरगांव सरपंच संतोष पंचेश्वर एवं रामपुरी सरपंच मंजू प्रेम बाघ मारे भी मौजूद रहीं।
जनता के बीच अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का प्रयास
सम्राट सिंह सरसवार ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का समाधान ही उनकी प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी को जनहित के कार्यों में पूरी गंभीरता के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी।
गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान, अधिकारियों को मौके पर निर्देश और विकास कार्यों की समीक्षा—जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार का यह दौरा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


