अनूपपुर,। जनपद अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कदमटोला के पाठ टोला में निर्माणाधीन पुलिया कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा फुनगा मंडल अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह राठौर ने जनपद अनूपपुर सीईओ को शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि पुलिया का निर्माण स्वीकृत ड्राइंग एवं तकनीकी मानकों के विपरीत कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए पतले एवं अमानक सरियों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिया की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा सीमेंट, गिट्टी, बालू सहित अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।
शिव प्रताप सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार मनमाने तरीके से कार्य करा रहा है और निर्माण गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय मजदूरों की अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण का कार्य कोतमा के एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। गांव की महिलाओं सहित स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पर्याप्त मजदूर उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें काम नहीं दिया जा रहा है। इसके बजाय बाहरी मजदूरों को बुलाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय श्रमिकों में नाराजगी है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद अब ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


