35.2 C
Jabalpur
June 14, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

फुटबॉल स्टार बनने का सपना, ट्रायल में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और जुनून


शहडोल 14 जून 2026- देश ही नहीं, विदेशों में भी मिनी ब्राजील के नाम से पहचान बना चुके शहडोल जिले के विचारपुर स्थित स्वर्गीय जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल मैदान में मध्य प्रदेश फुटबॉल अकादमी के तीन दिवसीय मेगा चयन ट्रायल की शुरुआत हुई। पहले ही दिन 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 445 बालक-बालिकाओं ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
ट्रायल से पहले खेल परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया गया तथा मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के चयनकर्ताओं और प्रशिक्षकों का जिला फुटबॉल संघ द्वारा शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

जैसा सुना था, उससे कहीं अधिक पाया- स्वप्न कुमार विश्वास
मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के मुख्य कोच एवं चयनकर्ता स्वप्न कुमार विश्वास, जो मोहन बागान और ईस्ट बंगाल जैसे प्रतिष्ठित क्लबों से जुड़े रहे हैं, ने विचारपुर के खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शहडोल के फुटबॉल प्रेम के बारे में उन्होंने जो सुना था, वास्तविकता उससे कहीं अधिक प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के भ्रमण के दौरान उन्हें शहडोल जैसी प्रतिभा और ऊर्जा कहीं और देखने को नहीं मिली।
प्रशिक्षक आशीष पिल्ले ने कहा कि स्थानीय कोच और जिला फुटबॉल संघ जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं और आने वाले समय में इसी मैदान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभरेंगे।

खिलाड़ियों के लिए एक लाख रुपये की घोषणा

जिला फुटबॉल संघ शहडोल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए संघ की ओर से एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने जिले में फुटबॉल के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों को और मजबूत किया है।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा निःशुल्क अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

जिला फुटबॉल संघ के सचिव रईस अहमद ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा।

इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष ए.के. मोहंती, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह, रिलायंस फाउंडेशन शहडोल के डॉ. समीम खान, वरिष्ठ खिलाड़ी क्रेतराम सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच नीलेंद्र कुंडे, लक्ष्मी सहीस, नरेश कुंडे, रजनी सिंह, सीताराम सहिस, यशोदा सिंह, शंकर दहिया, संग्राम सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

सोलापुर में भीषण सड़क हादसा, कुएं में पिकअप वैन गिरने से आठ की मौत, सीएम फडणवीस ने जताया दुख

Newsdesk

25वीं पूर्वी जोन अन्तर्जिला पुलिस वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता वर्ष 2026 का आज  पुलिस अधीक्षक जबलपुर के मुख्यातिथ्य में हुआ समापन

Newsdesk

समान नागरिक संहिता पर जनसामान्य के सुझावों के अनुसार किया जाएगा नीति निर्माण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading