पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जे.एस.टी.पी.जी. महाविद्यालय, बालाघाट में 12 जून से 18 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए शासकीय योजनाओं से संबंधित जनजागरूकता एवं व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक मराटे ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ लेने तथा समाज में जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दुर्गेश अगासे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के महत्व से अवगत कराया। छात्रवृत्ति प्रभारी डॉ. आर. एन. झरिया एवं प्रो. के. एल. अहिरवार ने मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति, गांव की बेटी योजना, विद्यार्थी आवास योजना, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेड रिबन क्लब तथा अन्य छात्र हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराटे के मुख्य आतिथ्य में “मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति एवं सहायता योजनाएँ” नामक मार्गदर्शिका पुस्तक का विमोचन किया गया। यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न छात्रवृत्ति एवं सहायता योजनाओं की विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस अवसर पर छात्रवृत्ति शाखा से सेवन्त ठाकरे एवं दीपक कनौजिया ने विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराया तथा उन्हें समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं एवं पोर्टलों के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. सीमा श्रीवास्तव, प्रो ऋषभ भगत, प्रो बुढ़ावर्धन फुलमारे, डॉ ताराचंद बड़घैया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


