नागपुर में राजनाथ सिंह ने मोहन भागवत से मुलाकात की
नागपुर, 19 जून (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नागपुर दौरे के दौरान रेशिमबाग स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय, डॉ. हेडगेवार भवन में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की।श्री सिंह यहां यंत्र इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल), अंबाझरी में 10,000 टन क्षमता वाले एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस की आधारशिला रखने के लिए आए थे और उन्होंने आरएसएस मुख्यालय में भागवत के साथ लगभग 45 मिनट बिताए।यह बैठक श्री सिंह के रणनीतिक रक्षा निर्माण परियोजना के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के बाद हुई।मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया और दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का तत्काल को विवरण प्राप्त नहीं है।
कानपुर में एक निर्माण इकाई से 8600 लीटर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की गयी नष्ट
कानपुर, 19 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाजमऊ स्थित एक निर्माण इकाई से बरामद लगभग 8600 लीटर कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री को नष्ट करा दिया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आदेश के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में 15 जून को जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में भारी मात्रा में कालातीत सिरप, क्रश, शरबत एवं सॉस भंडारित पाए गए। निरीक्षण के समय मौजूद लोग मौके से फरार हो गए, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
रामनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन
अयोध्या, 19 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया।मुख्यमंत्री का आगमन रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर हुआ, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और संकटमोचन भगवान हनुमान के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने हनुमानगढ़ी के संत-महंतों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम भी जाना तथा धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की।
भिण्ड में गौरी तालाब के 100 मीटर दायरे में अस्थाई अतिक्रमण तोडे गए
भिण्ड 19 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के गौरी तालाब के आसपास सरकारी जमीन पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने आज शुक्रवार शाम कार्रवाई की। एनजीटी के नियमों के तहत तालाब के 100 मीटर दायरे में बने अस्थायी टपरे, दीवारें और अन्य कब्जे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।गौरी तालाब के संरक्षण और अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद ने शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर पालिका की अमला टीम पुलिस बल के साथ गौरी तालाब के समीप चंदू की टपरिया क्षेत्र में पहुंची। यहां पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद कई लोगों द्वारा तालाब के 100 मीटर दायरे में अस्थायी टपरे, दीवारें और वाहन पार्किंग के लिए स्थान विकसित कर कब्जा कर लिया गया था।नगर पालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाए गए टपरे हटवाए तथा कुछ सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान मदाखलत अधिकारी, नगर पालिका सीएमओ सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
रिश्वत के मामले में तहसीलदार व सहयोगी को अदालत ने सुनाई सजा
पन्ना,19 जून (वार्ता) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पदस्थ रहे नायब तहसीलदार रवि शंकर शुक्ला व उनके चौकीदार देवी दयाल दहायत को भ्रष्टाचार के मामले में पांच-पांच साल की सजा सुनाई गई है। शुक्रवार 19 जून को विशेष अदालत ने इन दोनों पर जुर्माना भी लगाया है। मामला मिट्टी से लदे एक जप्त ट्रैक्टर को छोड़ने के बदले रिश्वत मांगे जाने का है।शासकीय अधिवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला वर्ष 2020 का है। सिली गांव के ब्रजबिहारी प्रजापति अपने खेत से ईंट बनाने की मिट्टी ट्रैक्टर में भरकर ले जा रहे थे। उसी समय प्रभारी तहसीलदार रवि शंकर शुक्ला ने उनका ट्रैक्टर रोककर जप्त कर लिया। ट्रैक्टर को छोड़ने के बदले तहसीलदार ने बृज बिहारी से 35 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
सम्राट चौधरी ने व्रजपात की घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को चार–चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए
पटना, 19 जून ( वार्ता)बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने व्रजपात में हुई घटनाओं में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने राज्य में व्रजपात के कारण वैशाली में 03, नवादा में 01 और जमुई में 01 व्यक्ति की मौत पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं।मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।
साइबर धोखाधड़ी में कथित तौर पर मदद करने के आरोप में दिल्ली में बैंक के चार कर्मचारी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 19 जून (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन साईहॉक 5.0’ के तहत बैंक के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।इन पर देश के विभिन्न हिस्सों से सामने आए साइबर धोखाधड़ी के मामलों से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और उसे आगे भेजने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फर्जी खातों को खुलवाने और उनके संचालन में मदद करने का आरोप है।पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने कहा कि इन गिरफ्तारियों ने साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से उत्पन्न धन को प्राप्त करने और उसे ठिकाने लगाने में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अंदरूनी लोगों की संलिप्तता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर अपने पदों का दुरुपयोग किया। उन्होंने अनिवार्य बैंकिंग प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया, जिससे जालसाजों को कई राज्यों के पीड़ितों से पैसे ऐंठने की सुविधा मिली।
शिवाजी के इतिहास के बजाय औरंगज़ेब की विरासत की बात करें राउत: भाजपा
मुंबई, 19 जून (वार्ता) महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने शिवसेना (यूटीबी) नेता संजय राउत पर तीखा हमला करते हुए शुक्रवार को कहा कि शिवसेना के स्थापना दिवस पर छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास के बारे में बात करने के बजाय श्री राउत को औरंगज़ेब की विरासत के बारे में बात करनी चाहिए, जिसका यूटीवी गुट वैचारिक रूप से पालन कर रहा है।प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शिवाजी महाराज आत्म-सम्मान एवं हिंदुत्व के प्रतीक हैं जबकि यूबीटी गुट ने उन ताकतों के साथ हाथ मिलाया है जो औरंगज़ेब को महिमामंडन करती हैं और मराठा राजा के आदर्शों का विरोध करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस से जुड़े नेताओं को शिवाजी महाराज का नाम लेने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
सोशल मीडिया की लत से लड़कियां अधिक प्रभावित: अध्ययन
जिनेवा, 19 जून (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब अमीरात (यूएई) जैसे देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध और ब्रिटेन में प्रतिबंध की घोषणा के बीच बच्चों के ऑनलाइन उत्पीड़न, लत लगने, आत्महत्या जैसे मुद्दों पर गंभीर बहस छिड़ गयी है।विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) समर्थित एक अध्ययन के अनुसार, किशोरों में सोशल मीडिया की लत साल 2018 के सात प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 11 प्रतिशत हो गयी। सर्वे के मुताबिक रोमानिया, आयरलैंड और माल्टा में 15 वर्षीय किशोरों में इसकी लत के सबसे ऊंचे मामले दर्ज किए गए, जबकि नीदरलैंड, डेनमार्क और एस्टोनिया में यह स्तर सबसे कम पाया गया है।
रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि लड़कों की तुलना में लड़कियों में सोशल मीडिया की लत काफी अधिक है। रोमानिया में 28 प्रतिशत लड़कियों ने इस समस्या को स्वीकार किया, जबकि लड़कों में यह आंकड़ा 18 प्रतिशत था। इस बढ़ते संकट के बीच बच्चों के लिए ऐसे मंचों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर भारी राजनीतिक और जन समर्थन मिल रहा है। एक हालिया सर्वे के अनुसार, फ्रांस में 79 प्रतिशत, ब्रिटेन में 76 प्रतिशत, जर्मनी में 74 प्रतिशत और इटली में 70 प्रतिशत लोग 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के पक्ष में हैं। विशेष रूप से माता-पिता इस तरह के कदमों का सबसे अधिक समर्थन कर रहे हैं।


