फुटबॉल स्टेडियम हुआ योगमय, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता_
सिवनी – बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को फुटबॉल स्टेडियम, सिवनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिनेश राय ने उपस्थित जनसमुदाय को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की कुंजी है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विशेष रूप से युवाओं से योग को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मविश्वास का भी आधार है।
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके पश्चात उपस्थित जनों ने इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” अर्थात “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने सेल्फी प्वाइंट पर सहभागिता कर नशा न करने तथा देश को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर समाज में जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प भी लिया गया।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों द्वारा फुटबॉल स्टेडियम परिसर में पौधरोपण किया गया। योग, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक मंच पर जोड़ते हुए कार्यक्रम ने स्वस्थ एवं जागरूक समाज निर्माण का संदेश दिया।
फुटबॉल स्टेडियम में एक साथ सैकड़ों लोगों को योग करते देख पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से भर उठा। कार्यक्रम ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोड़िया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


