जबलपुर। सावधान, सीसीटीवी से भी आपको देख सकता है हैकर! हां, यह सच है। हाल ही में शहर की नामचीन गायनकोलॉजिस्ट डॉ. प्राची सक्सेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके लोगों को जगरूक रहने को कहा है। दरअसल, बात है, आदर्श नगर स्थित उनके घर के लिविंग एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की। इसमें से अचानक आवाजें आना, धमकाना, अभद्रता करना आदि सामने आया। मामले की रिपोर्ट सायबर सेल में की गई। सायबर टीम इसमें छानबीन कर रही है।
डॉ. प्राची सक्सेना ने बताया कि वे क्लीनिंक से अपने घर पहुंची थी। घर के लिविंग एरिया में उन्हें कुछ आवाजें सुनाई दी। उन्हें पहले तो लगा कि मेड आदि मोबाइल पर बातचीत कर रही होंगी, लेकिन बाद में उन्हें अहसास हुआ कि ये आवाजें उनके लिविंग एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों से आ रही है। पहले तो वे घबरा गईं लेकिन बाद में उन्होंने अपने मोबाइल से उस वाक्या को रिकार्ड करने की कोशिश की। डॉ. सक्सेना कहती हैं कि वे जब रिकार्ड करना शुरू करती थी तो आवाजें बंद हो जाती थी फिर बाद में आने लगती थी। रिकार्डिंग देखकर कैमरे से उन्हें धमकाया गया, अभद्र वार्तालाप किया गया। मौके पर उन्होंने टॉवेल आदि डालकर कैमरों को बंद कर दिया और इस मामले की शिकायत सायबर से की।
पांच साल से लगे थे कैमरे
सायबर सेल के मुताबिक डॉ. सक्सेना के घर पर पांच साल पहले कैमरे लगे थे। समय रहते इन कैमरों का पासवर्ड बदला नहीं गया था, जिससे इन कैमरों को हैक किया जा सकता था। प्रथम दृष्टया यह सामने आ रहा है कि इन कैमरों को हैक किया गया था। कैमरों के सर्विस प्रोवाइडर से बातचीत की गई थी, जिसमें यह सामने आया है कि कैमरों के पासवर्ड हर दो माह में बदल दिया जाना चाहिए।


