July 3, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीय

कतर में अमेरिका से कोई बातचीत तय नहीं है, ईरान ने उड़ाईं ट्रंप के दावों की धज्जियां

तेहरान/दोहा,30 जून। ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए साफ किया है कि आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत तय नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि कतर की राजधानी दोहा में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत के लिए है। ईरान की समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने प्रेस वार्ता में कहा, आने वाले दिनों में अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर हमारी कोई बातचीत तय नहीं है।प्रवक्ता ने कहा, अमेरिकी प्रतिनिधियों की कतर यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है। हमारा प्रतिनिधिमंडल समझौता ज्ञापन के प्रावधानों, खासकर अनुच्छेद-11 के क्रियान्वयन की समीक्षा और उसे आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कतर जा रहा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि व्यापक और अंतिम समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा हम अभी अंतिम समझौते के लिए औपचारिक बातचीत के चरण में प्रवेश नहीं कर पाए हैं।
बगई ने बताया कि 14 सूत्रीय समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद-13 के अनुसार अंतिम समझौते पर बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब अनुच्छेद 1, 4, 5, 10 और 11 के तहत तय उपायों का क्रियान्वयन शुरू हो जाए और लगातार जारी रहे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी प्रावधान दोनों पक्षों के बीच विश्वास बहाली के लिए जरूरी हैं और इनके लागू होने के बाद ही अंतिम समझौते पर औपचारिक वार्ता शुरू की जा सकती है।बगई ने बताया कि अनुच्छेद-11 के तहत अमेरिका को ईरान की फ्रीज या प्रतिबंधित संपत्तियों और फंड को आपसी सहमति से तय प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए जरूरी लाइसेंस और अन्य अनुमतियां भी जारी करनी होंगी, ताकि ईरान अपने पैसे का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने दोहराया कि अनुच्छेद-13 के मुताबिक पहले इन 5 प्रमुख प्रावधानों का क्रियान्वयन शुरू होना और जारी रहना जरूरी है। इसके बाद ही अंतिम समझौते पर बातचीत आगे बढ़ेगी।दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने दावा किया है कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जारेड कुशनर मंगलवार को दोहा जाएंगे, जहां ईरान के साथ बातचीत की जाएगी। यह पहल हाल ही में हॉर्मुज जलडमरूमध्य में दोनों पक्षों के बीच हुए तनाव और सैन्य गतिविधियों के बाद की जा रही है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि यह बैठक ईरान के अनुरोध पर हो रही है।

 

अन्य ख़बरें

फ्रांस की फ्लाइंग व्हेल्स भारत में स्थापित करेगी अपना मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, वित्त मंत्री सीतारमण से हुई खास चर्चा

Newsdesk

अमेरिका में रूसी जोड़ा 1,454 फीट ऊंची एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की गगनचुंबी चोटी पर चढ़ा

Newsdesk

जापान और भारत ‘भाई-बहन’ के तौर पर संबंधों को मजबूत करने के लिए तैयार : पीएम ताकाइची

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading