जबलपुर पुलिस ने संगठित जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अधारताल थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस ने कंचनपुर मैदा मिल के पास दबिश देकर 8 जुआड़ियों को रंगे हाथ पकड़ा है। मौके से 11 हजार 380 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय द्वारा जिले में पदस्थ सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संगठित जुआ-सट्टा खिलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में अधारताल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंचनपुर मैदा मिल के पास बरामदे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी।
मौके पर पुलिस को जुआड़ी ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रदीप जैन निवासी दीक्षितपुरा कोतवाली, अभय सोनी निवासी फूटाताल बेलबाग, राहुल ताम्रकार निवासी दीक्षितपुरा मौलाना की गली कोतवाली, आलोक सोनी निवासी दीक्षितपुरा नट बाबा की गली कोतवाली, वर्तमान पता समता कॉलोनी शांतिनगर गोहलपुर बताए।
इसके अलावा अतुल सोनी निवासी ऊपरैनगंज दीक्षितपुरा कोतवाली, रवि जैन निवासी खटीक मोहल्ला सराफा कोतवाली, बाबर उर्फ जहीरुद्दीन खान निवासी मौलाना की गली कोतवाली और शैलेन्द्र अग्रवाल निवासी घोड़ा नक्काश हनुमानताल को भी मौके से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ताश के 52 पत्ते और 11 हजार 380 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी जुआड़ियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ आरक्षक शशि प्रकाश, आरक्षक सुरजीत जाट और दुर्गेश दुबे की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


