जबलपुर। शहर की मूलभूत सुविधाओं, अधूरे विकास कार्यों और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद नगर निगम आयुक्त को जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में पेयजल संकट, खराब सफाई व्यवस्था, जर्जर सड़कें, अधूरी सीवर परियोजना, बंद स्ट्रीट लाइटें, जलभराव, अतिक्रमण और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं से आम नागरिक परेशान हैं। उनका कहना था कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं और जनता को उनका लाभ नहीं मिल रहा।
प्रदर्शन के दौरान महापौर और नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। बारिश के मौसम में शहर की सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और नालियों की सफाई न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर के कई हिस्सों में गंदगी और कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और जनता की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। पार्टी ने नगर निगम प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन में विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक तरुण भनोत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पूर्व विधायक कौशल्या गोटिया, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस पार्षद, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


