अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए गए देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों एवं अन्य रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं राष्ट्र को समर्पण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर बालाघाट रेलवे स्टेशन में भी कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां स्टेशन पर किए गए विकास एवं निर्माण कार्यों का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा।अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालाघाट रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं। इन कार्यों के लोकार्पण के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्टेशन का स्वरूप अधिक आधुनिक और आकर्षक बनेगा।
रेलवे प्रशासन ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित किया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी प्रसारित किया जाएगा और देशभर में विकसित किए गए 75 अमृत स्टेशनों के लोकार्पण का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना, यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि करना तथा स्थानीय सांस्कृतिक एवं क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप स्टेशनों का विकास करना है। इसी क्रम में बालाघाट रेलवे स्टेशन पर भी किए गए निर्माण कार्यों का लोकार्पण जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


