July 18, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

सट्टे के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 सटोरिये गिरफ्तार, ₹19,200 नकद जब्त

जबलपुर। शहर में अवैध सट्टा कारोबार पर शिकंजा कसते हुए मदनमहल पुलिस ने शुक्रवार को नरसिंह मंदिर के पीछे टपरिया बस्ती में संचालित सट्टे के अड्डे पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। मौके से दो सट्टा लिखने वाले और पांच सट्टा लिखाने वाले सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य संचालक मोहित सिंह राजपूत पुलिस को देखकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 हजार 200 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, पेन और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि टपरिया बस्ती में बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित हो रहा है। सूचना पर एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ को कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में थाना मदनमहल एवं पुलिस लाइन के संयुक्त बल ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
दबिश के दौरान पुलिस ने राजेन्द्र मरावी (29) और ओमप्रकाश यादव (34) को सट्टा लिखते हुए पकड़ा। वहीं रविकांत कनोजिया, चंदन पटेल, विपिन ठाकुर, मोनू ठाकुर और नरेश चक्रवर्ती सट्टा लगाते हुए गिरफ्तार किए गए। पूछताछ में दोनों सट्टा लिखने वालों ने स्वीकार किया कि वे मोहित सिंह राजपूत निवासी कालीमठ के कहने पर प्रतिदिन मजदूरी लेकर सट्टा लिखते थे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मोहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(क) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी मोहित सिंह राजपूत की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश गौतम, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक निर्मल सनोडिया तथा थाना मदनमहल और पुलिस लाइन के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।

अन्य ख़बरें

314 करोड़ की जल और सीवरेज परियोजनाएं मंजूर

Newsdesk

जबलपुर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सतीश झरिया बने टीआई, कंधों पर सजे तीन सितारे

Newsdesk

खाद की कालाबाजारी और अवैध व्यापार करने वाले दो कृषि केंद्रों पर कृषि विभाग ने कराई एफआईआर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading