July 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

विक्टोरिया अस्पताल में शुरू हुई एमआरआई सुविधा

आयुष्मान कार्डधारकों को मिलेगा निशुल्क लाभ
जबलपुर। शहर के शासकीय सेठ गोविंददास (विक्टोरिया) जिला चिकित्सालय में सोमवार को नव-निर्मित एमआरआई सेंटर का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 27 जुलाई से जरूरतमंद मरीजों को जिला अस्पताल में ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलने लगी है। जबलपुर, भोपाल, इंदौर और ग्वालियर के बाद प्रदेश का चौथा जिला अस्पताल बन गया है, जहां यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयुष्मान कार्डधारकों को एमआरआई जांच निशुल्क मिलेगी, जबकि अन्य मरीजों के लिए भी यह सेवा रियायती दरों पर उपलब्ध होगी।
एमआरआई सेंटर का शुभारंभ मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में कैंट विधायक अशोक रोहाणी, बरगी विधायक नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज तथा कलेक्टर राघवेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू होना जबलपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे आम लोगों को कम लागत में आधुनिक जांच सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को इसका लाभ पूरी तरह निशुल्क मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि लगभग ₹7.5 करोड़ की लागत से यह एमआरआई मशीन कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि नागरिकों को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश शासन ने प्रथम चरण में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के जिला अस्पतालों में एमआरआई सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि विक्टोरिया अस्पताल में यह सेवा सीजीएचएस दरों से भी लगभग 33 प्रतिशत कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, संयुक्त कलेक्टर सृष्टि प्रजापति, वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. रत्नेश कुरारिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, डॉ. जया श्रीवास्तव, डॉ. नीता पाराशर, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील ने किया, जबकि अंत में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

अन्य ख़बरें

रेत माफिया के खिलाफ लॉ एनफोर्समेंट की कार्रवाई; 5.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना बरामद

Newsdesk

गुरुओं ने ही पढ़ाया मानवता और समरसता का पाठ

Newsdesk

होटल सिटी मैक्स में हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, देह व्यापार संचालित होने का लगाया आरोप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading