जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन, जबलपुर के सत्र 2026-28 के चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय सेठ, अधिवक्ता ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन समिति का गठन किया है।
निर्वाचन समिति में हिमांशु तिवारी, आशीष श्रीवास्तव, सुधाकर मणि पटेल, राजकमल चतुर्वेदी, वंदना श्रोती, राकेश तिवारी, सुशील अग्रवाल, ए.टी. फरीदी, मनीष जैन एवं नितिन गुप्ता को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं चुनाव प्रक्रिया की निगरानी एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त, जेड.एम. शाह, जे.पी. अग्रवाल और अमृत कौर रूपराह को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों का वितरण 31 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक किया जाएगा। भरे हुए नामांकन पत्र 3 एवं 4 अगस्त 2026 को जमा किए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 5 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, जिसके बाद पात्र उम्मीदवारों की सूची प्रदर्शित की जाएगी। प्रत्याशी 6 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी कर दी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 18 अगस्त 2026 को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।


