निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार और साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
अनूपपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत दैखल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी बृजेश पटेल ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के कानूनी विवाद का समाधान आपसी समझौते एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे समय, धन और श्रम की बचत के साथ न्याय भी शीघ्र प्राप्त होता है।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका विधिक परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन किया गया। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने विधिक जानकारी का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में कानूनी जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच दिगम्बर सिंह, सचिव सुरेश गुप्ता, पीएलवी सुमिता शर्मा, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


