जनविश्वास अभियान के तहत हर शुक्रवार विभागीय टीमें करेंगी क्षेत्रीय निरीक्षण
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लोक सेवा गारंटी के तहत लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और पुराने मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन को अनिश्चित समय तक लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपनी कार्य संस्कृति को प्रभावी बनाते हुए आवेदनों की नियमित निगरानी करनी होगी।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन, पीएम किसान, ई-केवायसी सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। तहसीलों में प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने कहा कि यदि संबंधित पक्ष को सूचना देने के बाद भी वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होता या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण का निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था का उद्देश्य आम नागरिक को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। आवेदन के निराकरण के लिए यदि किसी दस्तावेज की आवश्यकता है तो उसे लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त किया जाए।
हर शुक्रवार क्षेत्र में निकलेंगी विभागीय टीमें
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार जनविश्वास अभियान के तहत सभी विभागों की टीमें क्षेत्र में जाकर अपने विभाग से संबंधित संस्थानों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, कारखाने, दुकान, बैंक सहित अन्य संस्थानों का निरीक्षण किया जाए। पटाखा दुकानों जैसी संवेदनशील गतिविधियों की भी जांच की जाए।
उन्होंने सभी तहसील कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप पर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अधिकारी-कर्मचारी प्रयास करें कि सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच कार्यालय में उपलब्ध रहें, ताकि आमजन को राजस्व विभाग से संबंधित सेवाएं समय पर मिल सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, एसडीएम अभिषेक सिंह, एसडीएम अनुराग सिंह सहित कुंडम, सिहोरा, पनागर, गोरखपुर, जबलपुर, पाटन और बरेला के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।


