राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर, चिन्हित बच्चों का रायपुर में होगा मुफ्त उपचार
जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत सेठ गोविंद दास जिला चिकित्सालय विक्टोरिया, जबलपुर में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 46 बच्चों का परीक्षण किया गया, जिनमें 29 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई। चिन्हित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल, नया रायपुर में पूर्णतः निःशुल्क उपचार और हृदय शल्य चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर जिला अस्पताल परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार डीईआईसी में हुआ। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं सेवा भारती महाकौशल प्रांत प्रमुख आत्माराम जी के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया, डॉ. के.के. वर्मा, आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
शिविर में जिले के आरबीएसके चिकित्सकों, डीईआईसी स्टाफ और श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल, नया रायपुर की विशेषज्ञ टीम ने बच्चों की जांच की। विशेषज्ञ टीम में पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीनदयाल नगर, हेड मेडिकल सर्विसेज डॉ. निखिल शुक्ला, ट्रस्ट ऑफिसर जगदीश राव, बायोमेडिकल इंजीनियर प्रदीप वर्मा, स्टाफ नर्स फरजाना खान, किरण वर्मा और प्रीति साहू ने सेवाएं प्रदान कीं।
आरबीएसके के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला ने बताया कि शिविर में कुल 46 बच्चों का पंजीयन हुआ, जिनमें जांच के बाद 29 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई। इन बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार नया रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल में आगे की जांच, उपचार और आवश्यक होने पर हृदय का ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम, डीईआईसी स्टाफ तथा श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल, नया रायपुर की विशेषज्ञ टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


