जबलपुर। रांझी क्षेत्र के बड़ा पत्थर स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान और उपेक्षा का मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में फटा और पुराना तिरंगा फहराए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों में नाराजगी देखी गई। मामले को लेकर नागरिकों ने रांझी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। शिक्षण संस्थान में बच्चों को राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों की शिक्षा दी जाती है, ऐसे में तिरंगे की कथित तौर पर खराब स्थिति गंभीर लापरवाही का विषय है।
मामले को लेकर आशुतोष वत्स, जग्गू विश्वकर्मा, नारायण गुप्ता, सरबजीत सिंह नारंग, निर्मल जैन, राहुल डोंगरे, के.के. मिश्रा, राजेश श्रीवास और सोनू गुप्ता सहित अन्य नागरिकों ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ संबंधित तस्वीरें और वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सब-इंस्पेक्टर मयंक यादव के अनुसार, आशुतोष वत्स सहित अन्य नागरिकों ने सेंट्रल एकेडमी स्कूल में फटे और पुराने तिरंगे को लेकर शिकायत दी है। शिकायत के साथ साक्ष्य और फुटेज भी प्रस्तुत किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से भी मांग की है कि स्कूलों में राष्ट्रीय ध्वज के रख-रखाव और सम्मान से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। उनका कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर शिक्षण संस्थानों में विशेष निगरानी जरूरी है।


