सूजीपुरा में श्रद्धा-भक्ति के साथ हरिनाम संकीर्तन संपन्न
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में श्री चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल जाबालीपुरम के तत्वावधान में श्रावणमास अनुष्ठान श्रृंखला के 13वें दिवस सूजीपुरा में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य हरिनाम संकीर्तन संपन्न हुआ। संकीर्तनाचार्य पं. मनमोहन दुबे के सान्निध्य में श्रीमती रेखा एवं पवन पांडे, अध्यक्ष समरसता सेवा संगठन, के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
हरिनाम संकीर्तन के दौरान “झूल रहे रे पलना, यशोदा के प्यारे ललना” सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते हुए प्रभु का गुणगान करते नजर आए।
संयोजक देवेंद्र नेमा ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से यह आध्यात्मिक यात्रा पूरे श्रावणमास के दौरान संस्कारधानी में निरंतर आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी हमारी सांस्कृतिक धरोहर की संवाहक होने के साथ उसके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी है। हरिनाम संकीर्तन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़कर उनमें संस्कार, सेवा, सदाचार और सकारात्मक सोच का विकास करने में सहायक है।
उन्होंने बताया कि संकीर्तन श्रृंखला के अगले क्रम में 13 अगस्त 2026 को पं. शैलेंद्र तिवारी के सौजन्य से मां बालाजी दुर्गा मंदिर में प्रातः 8:30 बजे हरिनाम संकीर्तन आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पं. देवेंद्र त्रिपाठी, रेखा-प्रवीण, पूजा, यशी पाण्डे, अजय गुप्ता, मोहनी चौबे, मीरा सोनी, पिंकी गुप्ता, मीना पटेल, प्रभाकर चतुर्वेदी, मोहित तिवारी, सत्यप्रकाश नामदेव, सुरेंद्र गिरी, पप्पू चौबे, अमित विश्नोई, रज्जू सोनी, शंकर नामदेव, मोनी विश्वकर्मा, अनिल सुहाने, विशाल पंड्या, अतुल पटेल, सत्यप्रकाश सराफ, देवेंद्र नेमा सहित अनेक भगवद्भक्त उपस्थित रहे।


