नागरिक सेवा, युवा विकास एवं कर्मचारियों के प्रोत्साहन को समर्पित रहा नगर निगम का स्वतंत्रता दिवस समारोह
जबलपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम जबलपुर प्रांगण में भव्य एवं गरिमामय ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर शहरवासियों, निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम का पूरा तंत्र संस्कारधानी के नागरिकों की सेवा के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। उन्होंने मां नर्मदा से प्रार्थना करते हुए शहर के सभी परिवारों में सुख, शांति एवं समृद्धि बने रहने की कामना की।
महापौर ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और नवीन सोच जबलपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से शहर को आधुनिक और विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ भी प्रदान किया गया। महापौर ने पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे निगम परिवार में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, एमआईसी सदस्य श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, पार्षदगण, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आभार निगमायुक्त ने व्यक्त किया तथा संचालन शिक्षा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय ने किया।


