*
_चेन्नई में जीता रजत पदक, अब इंदौर में राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में करेंगी मप्र का प्रतिनिधित्व_
सिवनी – 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय समारोह में सिवनी की होनहार किकबॉक्सिंग खिलाड़ी अनुप्रिया कौरव को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। ‘द अल्टीमेट फाइटर्स एकेडमी’ की खिलाड़ी अनुप्रिया ने चेन्नई में आयोजित ‘खेलो इंडिया अस्मिता नेशनल किकबॉक्सिंग लीग 2026’ में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें जिला स्तर पर लगातार दूसरी बार सम्मान प्राप्त हुआ है।
अनुप्रिया कौरव, पिता पवन कुमार कौरव, किकबॉक्सिंग में भारत की शीर्ष रैंक प्राप्त खिलाड़ियों में शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’, विधायक कमल मर्सकोले सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया।


