_कूड़ो खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, जिम्नास्टिक के करतबों ने मोहा मन; बजरंग अखाड़ा के पहलवानों ने किया शारीरिक बल प्रदर्शन_
सिवनी- शहर की ऐतिहासिक श्री महावीर व्यायामशाला संगठन, सुभाष वार्ड, नेहरू रोड में सोमवार को नागपंचमी उत्सव श्रद्धा, उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। वर्ष 1929 से संचालित संस्था ने वर्ष 2026 में अपनी 97 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी की है। संस्था लंबे समय से व्यायाम, खेल, अनुशासन और युवाओं के शारीरिक विकास के लिए कार्य कर रही है।
नागपंचमी के अवसर पर संस्था परिसर में विधि-विधान से पूजन के बाद विभिन्न खेल एवं व्यायाम विधाओं का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अखाड़ों एवं व्यायामशालाओं के उस्ताद, वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कूड़ो और जिम्नास्टिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कूड़ो मार्शल आर्ट एवं जिम्नास्टिक का प्रदर्शन रहा। जिला कूड़ो संघ सिवनी के मुख्य परीक्षक गोपाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में कूड़ो खिलाड़ियों ने विभिन्न तकनीकों, आत्मरक्षा कौशल एवं फाइट का शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं जिम्नास्टिक खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक दक्षता, संतुलन एवं विभिन्न करतबों का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। कूड़ो की फुर्ती, तकनीक और अनुशासित फाइट के साथ जिम्नास्टिक का प्रदर्शन देखकर उपस्थित अतिथियों, अखाड़ों के उस्तादों एवं दर्शकों ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की।
बजरंग अखाड़ा के पहलवानों ने किया शारीरिक बल प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान बजरंग अखाड़ा के पहलवानों द्वारा शारीरिक बल एवं व्यायाम कौशल का प्रदर्शन भी किया गया। पहलवानों ने अपनी शारीरिक क्षमता और अभ्यास का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति के साथ कूड़ो और जिम्नास्टिक के प्रदर्शन ने नागपंचमी उत्सव को विशेष बना दिया।
संगठन ध्वज के साथ प्रमुख मंदिरों में दर्शन
कार्यक्रम के बाद शाम को श्री महावीर व्यायामशाला संगठन के स्वयंसेवक संगठन ध्वज के साथ शहर के प्रमुख मंदिरों के दर्शन के लिए निकले। विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। यह यात्रा श्रद्धा, संस्कार, अनुशासन एवं संगठन की भावना का प्रतीक रही।
आयोजन अध्यक्ष सुदर्शन बाझल, सचिव अशोक रजक, कोषाध्यक्ष राकेश भालोटिया, संचालक धीरज पाल, उपसंचालक अंकित मिश्रा एवं मार्शल आर्ट प्रभारी गोपाल कुशवाहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
1929 से चली आ रही श्री महावीर व्यायामशाला की 97 वर्षों की गौरवशाली परंपरा आज भी युवाओं को खेल, व्यायाम, जिम्नास्टिक, आत्मरक्षा, संस्कार और अनुशासन से जोड़ने का कार्य कर रही है।


