जबलपुर। कलेक्ट्रेट परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक आधारित सफाई व्यवस्था का प्रदर्शन गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। इस दौरान हाईप्रेशर मशीन तथा वेट एंड ड्राई सिंगल डेस्क मैकेनाइज्ड क्लीनिंग मशीनों के माध्यम से विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई कर आधुनिक मशीनों की कार्यक्षमता का प्रदर्शन किया गया।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर एवं अपर कलेक्टर रविशंकर राय के साथ सफाई कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मशीनों के उपयोग की प्रक्रिया को देखा और परिसर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर जानकारी ली।
प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि आधुनिक मशीनों के उपयोग से बड़े परिसर में कम समय में प्रभावी ढंग से सफाई की जा सकती है। हाईप्रेशर मशीन के जरिए फर्श, दीवारों और अन्य सतहों पर जमी गंदगी को हटाने में सुविधा होगी, वहीं वेट एंड ड्राई मशीन से सूखी एवं गीली दोनों प्रकार की गंदगी की सफाई की जा सकेगी।
अधिकारियों ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। आधुनिक मशीनों के प्रयोग से सफाई कार्य में गुणवत्ता के साथ-साथ समय और श्रम की भी बचत होने की उम्मीद है। इस प्रदर्शन को कलेक्ट्रेट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


