_पलारी में शिष्य को स्थापित करने की मांग, प्रशासन ने मांगों को समझकर सहयोग का दिया आश्वासन_
कानीवाड़ा – पलारी में अपने शिष्य को स्थापित करने की मांग को लेकर किन्नर समाज के लोगों ने कानीवाड़ा थाने के सामने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान समाज के लोगों ने अपनी मांगों और समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखते हुए शिष्य की सुरक्षा एवं उसके साथ किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने देने की मांग की।
किन्नर समाज के लोगों ने कशिश नायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनके शिष्य को डराया-धमकाया जाता है अथवा किसी तरह से परेशान किया जाता है, तो इसके लिए कशिश नायक को जिम्मेदार माना जाए। समाज के सदस्यों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं सहयोग उपलब्ध कराने की मांग रखी।
विरोध के दौरान प्रशासन की ओर से समाज के लोगों की बात को गंभीरता से सुना गया तथा उनकी मांगों को समझते हुए आवश्यक सहयोग और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किन्नर समाज के लोगों ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रशासन को सहयोग करने की बात कही।
मामले को लेकर क्षेत्र में कुछ समय तक चर्चा का माहौल रहा। वहीं, प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों की बात को समझते हुए स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने का प्रयास किया गया।


