जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 28 अगस्त को बंदियों से मिलने आने वाले भाई-बहनों के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। मुलाकात का समय 15 मिनट निर्धारित किया गया है। जेल प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रक्षाबंधन पर जेल में निरुद्ध भाई को राखी बांधने आने वाली महिलाओं को उनके साथ पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं महिला बंदियों से मिलने आने वाले पुरुष परिजनों की मुलाकात नई जेल के कार्यालय परिसर में अलग से कराई जाएगी।
जेल प्रशासन के अनुसार, बंदियों के परिजनों को घर से लाई गई कोई भी सामग्री जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। राखी, मिठाई और अन्य आवश्यक सामग्री जेल कैंटीन में बनाए गए स्टॉल से ही खरीदनी होगी। प्रत्येक परिवार को आधा किलो मिठाई, आधा-आधा किलो सेब व केला, रूमाल, रक्षासूत्र, समोसे और कुमकुम ले जाने की अनुमति रहेगी।
एनएसए बंदियों के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी
एनएसए के तहत निरुद्ध बंदियों से मुलाकात के लिए कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य की गई है। जेलर मदन कमलेश ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जेल में रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक नाम दर्ज कराना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंदियों से मुलाकात कराई जाएगी।


