बिजुरी। आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर बिजुरी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी बिजुरी विकास सिंह ने कानून-व्यवस्था और त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधिकारियों, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रक्षाबंधन, ईद मिलादुन्नबी और जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को ध्यान में रखते हुए चिन्हित मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त रखने और यातायात सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बैठक में अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से सुझाव लेते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी समुदाय मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी स्थिति में सौहार्दपूर्ण वातावरण बिगड़ने न दें। नगर पालिका प्रशासन को पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई, जबकि विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए गए।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों को लेकर भी थाना प्रभारी विकास सिंह ने नागरिकों को सतर्क किया। उन्होंने अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर विश्वास न करें और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। बैठक में थाना प्रभारी विकास सिंह ने शांति समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों से त्योहारों के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखने का आग्रह किया। इस दौरान थाना प्रभारी बिजुरी विकास सिंह, नपा सफाई निरीक्षक डीएन मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रविन्द्र रिंकू शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


