जबलपुर में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त जांच गुरुवार को भी जारी रही। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार संयुक्त टीम ने बंगाली क्लब माढ़ोताल स्थित गुलमोहर स्वीट से खोवा, बेसन और दूध से बनी मिठाइयों के कुल चार नमूने लिए।
इसी तरह तैयबअली चौक स्थित चन्द्रकला स्वीट से खोवा, छेना और दूध से बनी मिठाइयों के चार नमूने जांच के लिए लिए गए।
टीम ने राइट टाउन स्थित हीरा स्वीट से पेड़ा और कलाकंद तथा गोल बाजार स्थित गुप्ता स्वीट से पेड़ा और छेना से बनी मिठाइयों के नमूने भी लिए हैं।
सभी नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री से मिठाइयां तैयार करने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। लैब रिपोर्ट में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


