एक दिन पहले लगवाए थे दो नए टायर; स्नेह नगर लिंक रोड की घटना, मदनमहल पुलिस ने दर्ज किया मामला
जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में घर के पास खाली प्लॉट में खड़ी कार के चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर टायरों के नट-बोल्ट खोलकर कार को जैक और ईंटों के सहारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार स्नेह नगर लिंक रोड निवासी 41 वर्षीय परेश सिंह राठौर बजाज फाइनेंस, भोपाल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 27 अगस्त को मदनमहल थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परेश ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त की रात वे अपनी मारुति XL6 कार क्रमांक MP-20-CJ-9918 से भोपाल से जबलपुर स्थित घर पहुंचे थे। अगले दिन 23 अगस्त को उन्होंने लिंक रोड स्थित ‘द व्हील डील’ से कार में दो नए टायर लगवाए थे।
इसके बाद कार को घर के बाजू में स्थित खाली प्लॉट में खड़ा कर दिया था। रात करीब 10:30 बजे तक कार सुरक्षित खड़ी थी। सुबह लगभग 6:30 बजे बाहर निकलकर देखा तो कार के चारों टायर और अलॉय व्हील गायब थे। चोर नट-बोल्ट खोलकर कार को जैक और ईंटों के सहारे खड़ा छोड़ गए थे।
आसपास तलाश करने के बाद भी चोरी गए टायर और आरोपी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। मदनमहल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।


