जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर में हो रहे विकास कार्य किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे शहर के लिए हैं। नागरिकों को भी इन अच्छे कार्यों के बारे में चर्चा करनी चाहिए और सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक कार्यों को सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कमियों की चर्चा करने के बजाय शहर में हो रहे बदलाव और उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। यह सम्बोधन पिसनहारी की मढि़या स्थित गैवीनाथ मंदिर में गैवीनाथ सेवा समिति द्वारा कजलिया मिलन एवं सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए दिया। समारोह के दौरान मंत्री श्री सिंह ने सर्वप्रथम गैवीनाथ स्वयं भू शिवलिंग की पूजन अर्चना की, इसके बाद भगवान श्री राम की प्रतिमा पर मंत्रोचारण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान मंत्री श्री सिंह ने प्रतिभावान युवाओं का सम्मान किया गया।
मंत्री सिंह ने कहा कि कजलियों का पर्व हमारी प्राचीन परंपरा है। इस पर्व पर लोग एक-दूसरे को कजलियों की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह स्थान दिव्य और अलौकिक होने के साथ ऐतिहासिक मान्यता रखता है। यहां भगवान के चरणों की कृपा सभी को प्राप्त होती है। इस पवित्र स्थान के लिए जिन लोगों ने अपनी भूमिका निभाई है, वे बधाई और शुभकामनाओं के पात्र हैं।
स्लैब निर्माण सहित आवश्यक कार्यों पर होगा निर्णय –
मंत्री सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी दी गई है कि यहां स्लैब का निर्माण किया जाना है और इस संबंध में पहले भी चर्चा हो चुकी है। इसके अलावा इस स्थान पर जो अन्य आवश्यक कार्य किए जाने हैं, उनके संबंध में भी एक बार बैठकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से आवश्यक कार्यों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
‘यहां कुछ नहीं होगा’ वाली सोच से बाहर निकलना होगा-
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नागरिकों को यह सोच बदलनी होगी कि ‘यहां कुछ नहीं होगा’। जबलपुर के एक छोर से दूसरे छोर तक जाकर देखें कि पिछले कुछ वर्षों में शहर में कितना बदलाव आया है। जबलपुर अब पुराने दायरे से बाहर निकलकर महानगर की श्रेणी में आ चुका है और इस सकारात्मक बदलाव की चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और सक्रिय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब शहर में अच्छे कार्य हो रहे हों तो अपना प्रभाव सकारात्मक रूप से दिखाना चाहिए। सोशल मीडिया पर विकास कार्यों के बारे में लिखना, बोलना और चर्चा करना भी नागरिक की जिम्मेदारी है।
मंत्री सिंह ने कहा कि इन कार्यों का श्रेय किसी एक व्यक्ति को देने का विषय नहीं है। “मेरी अपनी क्या हैसियत है, ये कार्य तो प्रभु की इच्छा से हुए हैं।” उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि जबलपुर में हुए अच्छे कार्यों को सामने लाया जाए और लोगों में शहर को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो।


