जबलपुर। जबलपुर में पहली बार लाइकोन इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन 7 सितंबर को होटल पार्क इन में होगा। आयोजन लिपिड एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन में हृदय रोगों की रोकथाम, कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन और आधुनिक क्लिनिकल लिपिडोलॉजी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर देश-विदेश के विशेषज्ञ नवीनतम चिकित्सा जानकारी साझा करेंगे।
सम्मेलन की खासियत यह है कि अमेरिका सहित विभिन्न देशों और भारत के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ जबलपुर पहुंचकर वैज्ञानिक सत्रों में भाग लेंगे। अमेरिका से डॉ. पी. बार्टन डुएल तथा भारत से डॉ. रमन पुरी सहित कई वरिष्ठ विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। इससे स्थानीय चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से सीधे संवाद और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
जबलपुर के विशेषज्ञों की भी अहम भूमिका
आयोजन में जबलपुर के चिकित्सकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। डायबिटीज एवं थायराइड विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव सम्मेलन के आयोजन सचिव हैं और अकादमिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का समन्वय कर रहे हैं। वहीं गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल साइंटिफिक चेयरमैन हैं। वे वैज्ञानिक कार्यक्रम को नवीनतम शोध और विशेषज्ञ अनुभवों से समृद्ध करने में भूमिका निभा रहे हैं। सम्मेलन से जबलपुर को चिकित्सा शिक्षा एवं वैज्ञानिक संवाद के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


