टिकट जांच अभियान में रेलवे को 31.39 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्वजबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 अगस्त 2026 तक मंडल में 3 लाख 57 हजार से अधिक बिना टिकट, अनियमित यात्रा और अनबुक्ड लगेज के मामले पकड़े गए। इन मामलों से रेलवे को 31 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के नेतृत्व में टिकट जांच स्टाफ एवं वाणिज्य विभाग की टीम ने विभिन्न स्टेशनों और यात्री ट्रेनों में लगातार सघन एवं लक्षित जांच अभियान चलाए। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
अभियान के दौरान 1 लाख 60 हजार बिना टिकट यात्रा के मामले पकड़े गए। इनसे रेलवे को 16 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
अनुचित टिकट अथवा निम्न श्रेणी का टिकट लेकर उच्च श्रेणी में यात्रा करने के 1 लाख 88 हजार मामले सामने आए। इन मामलों से रेलवे को 14 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक का राजस्व मिला।
निर्धारित नियमों के विरुद्ध बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई। ऐसे 8,760 मामले पकड़े गए, जिनसे 13 लाख 49 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले हमेशा वैध टिकट खरीदें। ई-टिकट की प्रतीक्षा सूची वाले टिकट पर यात्रा करने से बचें तथा स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए आवश्यक यात्रा टिकट अथवा प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य रखें।
रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसकी बुकिंग कराने और अपनी यात्रा के अनुरूप उचित श्रेणी का टिकट लेने की भी अपील की है। वैध टिकट के साथ यात्रा करने से यात्री जुर्माने से बचने के साथ रेलवे की सेवाओं को व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग कर सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को सुविधाजनक और नियमबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिकट जांच के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


