कीव, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। इस बैठक के बाद जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिकी दूतों के साथ हुई बातचीत ‘बहुत महत्वपूर्ण और सार्थक’ रही। पत्रकारों से बातचीत में जेलेंस्की ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़ी वार्ताओं को फिर से शुरू करने, यूक्रेन की सुरक्षा और आर्थिक गारंटी तथा सर्दियों के लिए सहायता पैकेज पर चर्चा हुई। जेलेंस्की ने कहा, “हम खास तौर पर हवाई सुरक्षा (एयर डिफेंस) और ऊर्जा क्षेत्र में मदद की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही हम अमेरिकी एलएनजी की अच्छी मात्रा और उसके इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी भरोसा कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि बातचीत के तीसरे दौर में ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी सहित कई यूरोपीय देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। जेलेंस्की के अनुसार, सभी पक्ष आगे भी बातचीत जारी रखने के लिए फिर से मिलने पर सहमत हुए हैं। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन, अमेरिका और रूस के बीच त्रिपक्षीय वार्ता को फिर से शुरू करने की कोशिशें जारी हैं, ताकि संघर्ष को समाप्त करने का रास्ता निकाला जा सके। वहीं अमेरिकी दूत स्टीव विटकोफ ने पत्रकारों से कहा कि दोनों अमेरिकी शांति दूतों ने मॉस्को में हुई बातचीत में ‘महत्वपूर्ण प्रगति’ की है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही त्रिपक्षीय वार्ता की घोषणा की जा सकती है।


