जबलपुर। नगर निगम ने लंबित संपदा राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर संपदा शाखा प्रभारी शिवांगी महाजन ने लीज राशि बकाया रखने वाले गाला बिल्डर्स और श्री ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को 24 घंटे के भीतर राशि जमा करने का अंतिम नोटिस जारी किया है।
संपदा शाखा प्रभारी शिवांगी महाजन के अनुसार निवाड़गंज एक्सटेंशन स्थित म्युनिसिपल प्लाट क्रमांक 104, 110 एवं 111, कुल क्षेत्रफल 2572.18 वर्गफुट, के लीज नामांतरण के लिए 11,96,173 रुपये की डिमांड राशि निर्धारित की गई थी। राशि बकाया रहने पर गाला बिल्डर्स के पार्टनर चिराग गाला को अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
इसी प्रकार भंवरताल एक्सटेंशन स्थित न्यू प्लाट क्रमांक 43-44, कुल क्षेत्रफल 1826 वर्गफुट, के लीज नामांतरण, नवीनीकरण एवं व्यापारिक उपयोग परिवर्तन से संबंधित 14,73,916 रुपये की स्वीकृत लीज राशि भी जमा नहीं की गई है। इसके लिए श्री ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में सूचना और पत्र जारी किए जाने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई। अब निर्धारित समय में राशि जमा कर रसीद प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार लीज निरस्त करने और जमीन पर पुनः कब्जा लेने की कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने सार्वजनिक राजस्व की सुरक्षा को लेकर आगे भी सख्ती जारी रखने के संकेत दिए हैं।


