फर्म में 417.75 क्विंटल शक्कर का स्टॉक मिला, निर्धारित सीमा के अनुरूप पाया गया
बालाघाट 07 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देशन एवं जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एसके भलावी के मार्गदर्शन में खाद्य आपूर्ति विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा मेसर्स इंदिरा इंटरप्राइजेस, सुभाष चौक बालाघाट का निरीक्षण किया गया। यह जांच मध्यप्रदेश शक्कर थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की सीमा नियंत्रण आदेश 2026 के तहत की गई।
जांच दल में सहायक आपूर्ति अधिकारी बालाघाट श्री पहल सिंह वलाडी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वारासिवनी श्रीमती निहारिका अवस्थी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी लांजी श्री शिवम मार्को एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कटंगी श्री तुषार सिंह शामिल रहे। जांच के दौरान फर्म में 417.75 क्विंटल शक्कर का स्टॉक संग्रहित पाया गया। जांच दल द्वारा उपलब्ध स्टॉक का निर्धारित सीमा से मिलान किया गया। फर्म में पाया गया शक्कर का स्टॉक 4000 क्विंटल की निर्धारित भंडारण सीमा से कम पाया गया। विभागीय टीम ने स्टॉक एवं संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी दर्ज की।


